*- खेतों में उतरकर कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने किसानों से की सीधा संवाद, रबी फसलों का लिया जायजा*
*- कलेक्टर ने कहा धान के स्थान पर वैकल्पिक फसलों से अधिक लाभ, जल की होगी बचत*
मक्का, सब्जी एवं बागवानी फसलों से किसानों को मिल रही बेहतर आय
*- नवाचार और प्रयोगशीलता से बदल रही खेती की तस्वीर*
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिले के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर खेतों में पहुंच कर रबी एवं उद्यानिकी फसलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से प्रत्यक्ष चर्चा कर उन्हें उन्नत एवं वैकल्पिक फसल अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि धान की तुलना में अन्य फसलों से अधिक लाभ के साथ-साथ जल की भी बचत होती है, जिससे खेती अधिक टिकाऊ बनती है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भारती चन्द्राकर, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने ग्राम तुमडीकसा निवासी कृषक श्री भागवत पिस्दा के चार एकड़ क्षेत्र में लगाए गए मक्का फसल का अवलोकन किया। किसान श्री पिस्दा ने बताया कि उनके खेत में मक्का की फसल अच्छी स्थिति में है तथा लगभग 20 क्विंटल उत्पादन की संभावना है। उन्होंने बताया कि वे पूर्व से ही मक्का की खेती कर रहे हैं और अच्छे उत्पादन एवं लाभ को देखते हुए आसपास के अन्य किसान भी धान के स्थान पर मक्का की खेती अपना रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहगांव में किसानों द्वारा सामूहिक रूप से लगाए गए मक्का फसल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से चर्चा कर धान के स्थान पर कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों को अपनाने का आग्रह किया। किसानों ने बताया कि धान की फसल में अपेक्षाकृत अधिक पानी की आवश्यकता होने के कारण अब अनेक किसान मक्का एवं अन्य वैकल्पिक फसलों की ओर रुख कर रहे हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में मक्का एवं अन्य फसलों के प्रदर्शन प्लॉट लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त अनेक किसान स्वयं वैकल्पिक फसलों की खेती अपना रहे हैं।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति उद्यानिकी विभाग के हितग्राही श्री व्यास पिस्दा के खेत में भी पहुंचीं। उन्होंने खेत में लगी फसलों का अवलोकन कर जानकारी ली। कृषक श्री पिस्दा ने बताया कि उन्नत किस्म के पत्ता गोभी एवं टमाटर की खेती से उन्हें अच्छी आय प्राप्त हुई है। इसी प्रकार ग्राम भटगांव के कृषक श्री सुभाकार के बागवानी क्षेत्र का भी कलेक्टर ने अवलोकन किया। कृषक ने बताया कि उन्होंने रेड लेडी पपीता की खेती की है। साथ ही लाख पालन के संबंध में किए गए प्रयोगों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में वे ऑयल पाम के पौधों के रोपण हेतु खेत तैयार कर रहे हैं तथा शीघ्र ही पौधारोपण किया जाएगा। कृषक श्री सुभाकार ने बताया कि उन्हें खेती में विशेष रुचि है तथा वे निरंतर नए-नए प्रयोग करते रहते हैं। इससे न केवल उनकी आय में वृद्धि हो रही है, बल्कि उनके खेत में कार्य करने वाले मजदूरों को भी उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी मिल रही है, जिससे वे भी लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने शासकीय उद्यान रोपणी खडग़ांव में किए नवाचार एवं कार्यों का अवलोकन भी किया।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने किसानों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्नत तकनीक एवं विविध फसलों को अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं योजनाओं का लाभ निरंतर उपलब्ध कराया जाए।
More Stories
पीडीएस दुकानों के संचालन में लापरवाही बरतने वाले संचालकों के विरुद्ध करें कठोर कार्रवाई
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भारती चंद्राकर ने गोटाटोला, मोहभट्टा व शेरपार में विकास कार्यों का किया निरीक्षण
स्थानीय युवाओं को मिल रहा है राजमिस्त्री प्रशिक्षण, सृजित होंगे रोजगार के अवसर*