स्थानीय युवाओं को मिल रहा है राजमिस्त्री प्रशिक्षण, सृजित होंगे रोजगार के अवसर* 

Spread the love

*स्थानीय युवाओं को मिल रहा है राजमिस्त्री प्रशिक्षण, सृजित होंगे रोजगार के अवसर* 

 

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती भारती चंद्राकर के प्रयासों से जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वृहद आवास निर्माण लक्ष्य एवं बड़ी संख्या में स्वीकृत निर्माण कार्यों को दृष्टिगत रखते हुए राजमिस्त्रियों की कमी को दूर करने हेतु जिला खनिज न्यास मद से स्थानीय युवाओं को राजमिस्त्री प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

ग्रामीण क्षेत्रों में कुशल राजमिस्त्रियों की कमी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। जिले के जनपद पंचायत मानपुर अंतर्गत ग्राम कोहका एवं औंधी में 25-25 प्रशिक्षुओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के अकुशल युवाओं को कुशल राजमिस्त्री के रूप में तैयार किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त राजमिस्त्री वर्तमान में आवास निर्माण कार्यों में संलग्न हैं, जिससे निर्माण कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रशिक्षण उपरांत उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे तथा उनकी आय में भी वृद्धि होगी।प्रशिक्षण ले रहे राजमिस्त्री ग्राम कोहका निवासी शैलेंद्र सलामे, पवन एवं मोहन ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्व उन्हें 200 से 250 रुपये प्रतिदिन मजदूरी मिलती थी, जबकि प्रशिक्षण के बाद राजमिस्त्री के रूप में कार्य करने पर 500 से 600 रुपये प्रतिदिन आय की संभावना है। उन्होंने निःशुल्क राजमिस्त्री प्रशिक्षण उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भारती चंद्राकर ने बताया कि योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर प्रत्येक 4 से 5 ग्राम पंचायतों से 25-25 युवाओं एवं महिलाओं का एक बैच तैयार किया गया है। चयनित प्रतिभागियों को आवास निर्माण से संबंधित आवश्यक तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे कुशल राजमिस्त्री के रूप में कार्य कर सकें।

इस योजना के अंतर्गत जिले के इच्छुक युवक-युवतियां एवं महिलाएं अपने संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय में पंजीयन करा सकते हैं। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात प्रतिभागियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण कार्यों में भी तेजी आएगी। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि यह पहल न केवल स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि जिले में आवास निर्माण की गुणवत्ता एवं गति बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।