*- विश्व कैंसर दिवस पर संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम आयोजित*
मोहला 4 फरवरी 2026। नीति आयोग के आकांक्षी ब्लॉक जिला कार्यक्रम अंतर्गत संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय मोहला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जनजागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीएमओ डॉ. सीमा ठाकुर, एबीएफ सविता साहू, डॉ. श्वेता भास्कर, डॉ. प्रीति वर्मा, डॉ. अरविंद बनकर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी उपस्थितजनों ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम, शीघ्र पहचान एवं उपचार को प्राथमिकता देने तथा कैंसर पीड़ितों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने की शपथ ली।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समुदाय को कैंसर के प्रति जागरूक करना, प्रारंभिक लक्षणों की पहचान, समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना तथा नियमित स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच को सुदृढ़ बनाना रहा। कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को ओरल, ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर के संभावित जोखिम कारकों, प्रारंभिक लक्षणों एवं जांच प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में शिविर के माध्यम से कैंसर जागरूकता सत्र एवं परामर्श, एएनसी पंजीकरण एवं मातृ स्वास्थ्य सेवाएँ, एनसीडी स्क्रीनिंग (रक्तचाप, रक्त शर्करा, बीएमई), सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण तथा संदिग्ध मामलों का उच्च संस्थानों में रेफरल जैसी प्रमुख गतिविधियाँ संपन्न कराई गईं।
चिकित्सकों ने कहा कि कैंसर का इलाज संभव है, बशर्ते उसकी पहचान समय रहते हो। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार के असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें तथा निर्धारित दवाओं एवं जांच प्रक्रिया का नियमित रूप से पालन करें।
More Stories
पीडीएस दुकानों के संचालन में लापरवाही बरतने वाले संचालकों के विरुद्ध करें कठोर कार्रवाई
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भारती चंद्राकर ने गोटाटोला, मोहभट्टा व शेरपार में विकास कार्यों का किया निरीक्षण
स्थानीय युवाओं को मिल रहा है राजमिस्त्री प्रशिक्षण, सृजित होंगे रोजगार के अवसर*